कसरावद। पुराने समय में मनोरंजन के सीमित साधनों में सर्कस एक प्रमुख माध्यम हुआ करता था, जिसमें कलाकार अपने जोखिम भरे और हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करते थे। समय के साथ जब नए-नए मनोरंजन के साधन सामने आए और घर बैठे मनोरंजन सुलभ हुआ, तो सर्कस की लोकप्रियता धीरे-धीरे कम होती चली गई। बढ़ते खर्च और भारी बजट को वहन न कर पाने के कारण अधिकांश सर्कस बंद हो गए।सर्कस से जुड़े कलाकारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया, जिसके चलते वे अब गांवों, कस्बों और शहरों में जाकर अपनी कला का प्रदर्शन कर जीवनयापन करने को मजबूर हैं।इसी कड़ी में इन दिनों कसरावद नगर में छत्तीसगढ़ से आए कलाकार विशाल और युवती रानू अपने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। कार्यक्रम में रानू जमीन से कई फीट ऊंचाई पर दो खंभों के बीच बंधी रस्सी पर संतुलन बनाते हुए चलती हैं और उसी रस्सी पर नृत्य कर दर्शकों को रोमांचित करती हैं।उनके इन साहसिक करतबों को देखने के लिए नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग कलाकारों की कला से प्रभावित होकर उन्हें प्रोत्साहन राशि देकर उत्साहवर्धन करते हुए नजर आ रहे हैं।