एनएच-19 पर अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी, तस्कर गिरफ्तार
मथुरा। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना जैत क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है।दिनांक 19 दिसंबर 2025 को थाना जैत क्षेत्र अंतर्गत कृष्ण वैली के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर नियमित चेकिंग अभियान के दौरान हरियाणा की ओर से आ रही एक सिलेटी रंग की हुंडई वरना कार को रोका गया। वाहन का पंजीकरण नंबर DL9CAS6262 बताया गया है। संदिग्ध प्रतीत होने पर जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई, जिसे गैर प्रांत में बेचने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।जांच के दौरान वाहन से कुल 724 बोतल अवैध मदिरा बरामद की गई। इनमें 154 बोतल ओल्ड मॉन्क रम (For Sale CSD Only) तथा 570 बोतल ट्रिपल वन ऐस रम (For Sale in UT Chandigarh Only) शामिल हैं। बरामद मदिरा की कुल मात्रा लगभग 543 बल्क लीटर आंकी गई है, जबकि इसका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 43 हजार 400 रुपये बताया गया है।मौके से पुलिस व आबकारी टीम ने उत्तम कुमार पुत्र धर्मवीर, निवासी ग्राम मदीना, थाना बहुअकबरपुर, जिला रोहतक (हरियाणा), उम्र लगभग 27 वर्ष, को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह यह शराब हरियाणा से बिहार ले जा रहा था, जहां इसे अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बेचा जाना था।आबकारी विभाग द्वारा आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं में थाना जैत पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस या आबकारी विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वयं के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
केदारनाथ धाम में अब नहीं चलेगा मोबाइल, फोटो-वीडियो बनाना मना
मनरेगा की ‘डबरी’ और ‘बिहान’ के सहयोग से सविता बनीं आत्मनिर्भर
“बंगाल चुनाव में बीजेपी की जीत तय”—दिलीप घोष का बड़ा दावा
लेमरू में दौड़ी जिंदगी की नई रफ्तार, संजीवनी 108 सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित उपचार