खरगोन। शहर के बिस्टान रोड पर चित्तौड़गढ़–भुसावल हाईवे स्थित ग्राम जामली के समीप बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे का मामला दूसरे दिन भी गरमाया रहा। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए थे, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना को लेकर आक्रोशित समाजजनों ने शराब ठेकेदार एवं उसके कर्मचारियों पर तेज रफ्तार वाहन से जान से मारने की नीयत से टक्कर मारने का आरोप लगाया है। समाजजनों ने आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।उल्लेखनीय है कि हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने बिस्टान नाका एवं खंडवा रोड पर संचालित शराब दुकानों में तोड़फोड़ की थी। हालात बिगड़ते देख शराब कारोबारियों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दी थीं।मामले को लेकर थाना प्रभारी बी.एल. मंडलोई ने पीड़ित परिवार और समाजजनों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं।