मथुरा। वृंदावन के कथावाचक अनिरुद्ध आचार्य द्वारा बेटियों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी एवं इसके बाद निष्पक्ष मीडिया पर दिए गए विवादित बयान के विरोध में अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। इसी क्रम में आगरा जिले के कार्यकर्ताओं ने वृंदावन कोतवाली चौराहे के पास बड़े बगीचा मैदान में अनिरुद्ध आचार्य का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारत हिंदू महासभा की आगरा जिला अध्यक्ष मीरा राठौर एवं महानगर अध्यक्ष विशाल कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यकर्ताओं ने कथावाचक पर बेटियों की कम उम्र में शादी को लेकर बयान देने तथा 25 वर्ष की आयु की बेटियों के चरित्र पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया।

मीडिया पर टिप्पणी से बढ़ा आक्रोश

संगठन का कहना है कि इन बयानों को निष्पक्ष मीडिया द्वारा प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद अनिरुद्ध आचार्य ने मीडिया को “मंत्ररा” की संज्ञा देते हुए पत्रकारों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया, जो निंदनीय है। इसी कारण संगठन का आक्रोश और अधिक बढ़ गया।

न्यायालय में दायर है परिवाद

अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि इस मामले में माननीय न्यायालय मथुरा में परिवाद दायर किया गया था, जिस पर न्यायालय द्वारा अनिरुद्ध आचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।

नारेबाजी और सामाजिक बहिष्कार की मांग

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने
“बेटियों के सम्मान में हिंदू महासभा”,
“पत्रकार भाइयों आप सत्य खबर छापो”,
“समस्त सनातनी आपके साथ हैं”
जैसे नारे लगाए। पुतले पर अनिरुद्ध आचार्य का पोस्टर लगाकर आग के हवाले किया गया तथा कथावाचक के सामाजिक बहिष्कार का आह्वान भी किया गया।

नेतृत्व की प्रतिक्रिया

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मीरा राठौर एवं मंडल अध्यक्ष मनीष पंडित ने कहा कि जिस प्रकार कथावाचक ने भारत की बेटियों के सम्मान को ठेस पहुंचाई और बाद में देश के चौथे स्तंभ कहे जाने वाले मीडिया पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया, वह समाज और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मीडिया के सम्मान की बात करते हैं, वहीं इस तरह के बयान सरकार की मंशा के विपरीत हैं।वहीं महानगर अध्यक्ष विशाल कुमार एवं युवा मंडल अध्यक्ष विपिन राठौर ने कहा कि पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए अखिल भारत हिंदू महासभा हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ी रही है और भविष्य में भी किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी का कड़ा जवाब दिया जाएगा।