सागर/देवरी। देवरी विधानसभा क्षेत्र से एक बड़ा और सनसनीखेज मामला सामने आया है। सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक ब्रजबिहारी पटेरिया पर एक पटवारी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जूते से हमला करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। इस घटना के विरोध में सागर जिले के पटवारी संघ में जबरदस्त आक्रोश है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि विधायक के खिलाफ शीघ्र एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो जिलेभर के सभी पटवारी तीन दिन बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।पटवारी संघ ने इस संबंध में सागर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के अनुसार यह घटना देवरी के गौरझामर पटवारी हल्का नंबर-8 की है, जहां पदस्थ पटवारी दुर्गेश चढार के साथ कथित तौर पर विधायक ने अभद्र व्यवहार किया। संघ का आरोप है कि विधायक ने पटवारी के साथ गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जूते से हमला तक किया।इस घटना को लेकर पटवारी संघ ने 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए दो प्रमुख मांगें रखी हैं— पहली, विधायक ब्रजबिहारी पटेरिया के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और दूसरी, विधायक सार्वजनिक रूप से पीड़ित पटवारी से माफी मांगें। संघ का कहना है कि यदि तय समयसीमा में कार्रवाई नहीं हुई, तो सागर जिले के समस्त पटवारी सामूहिक रूप से काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।पटवारी संघ का कहना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा इस तरह का व्यवहार न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि सरकारी कर्मचारियों के सम्मान और मनोबल को भी ठेस पहुंचाता है। संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है और प्रशासन पर निष्पक्ष जांच व त्वरित कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कदम उठाता है।