भीलवाड़ा। शहर के वार्ड नंबर 16 स्थित पुरबिया नगर में पार्षद गजराज बिश्नोई के खिलाफ क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने हाय-हाय के नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नालियों की सफाई नहीं करवाई गई। गलत तरीके से बने रैंप के कारण नालियां जाम हो गईं, जिससे गंदा पानी सड़कों और घरों तक फैल गया।लोगों का कहना है कि हालात इतने खराब हो गए थे कि मजबूरी में उन्हें खुद ही रैंप तोड़कर नालियों की सफाई करनी पड़ी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जब उन्होंने पार्षद से शिकायत की तो उन्हें यह कहकर टाल दिया गया कि जब वोट नहीं दिया तो काम क्यों किया जाए।इस रवैये से नाराज क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे और आने वाले चुनाव का बहिष्कार करेंगे।