छटीकरा कोटा के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर की मौत
मथुरा। थाना जैत क्षेत्र अंतर्गत छटीकरा कोटा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (एनएच-2) पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने राह चलते 14 वर्षीय किशोर को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोर सड़क किनारे पैदल जा रहा था।
इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।टक्कर लगते ही किशोर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही जान चली गई।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके पर ही रुक गया।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए।गुस्साए लोगों ने ट्रक को घेर लिया और चालक को पकड़ लिया।स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए लोगों ने ट्रक चालक और वाहन को थाना जैत पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
पुलिस ने मृतक किशोर के शव का पंचनामा भरते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।साथ ही मृतक की पहचान कराने और उसके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू की गई।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-2 पर यातायात प्रभावित रहा।पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और यातायात को सामान्य कराया।स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
उनका कहना है कि भारी वाहनों की तेज गति के कारण यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं।थाना जैत पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है।पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना, 850 तीर्थ यात्रियों को मिलेगा काशी-विश्वनाथ दर्शन का अवसर