मथुरा-वृंदावन रोड स्थित जयसिंहपुरा गेट के अंदर प्राचीन गणेश टीला क्षेत्र में नगर निगम की एक डंपर गाड़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि डंपर ट्रॉली में कचरा भरा हुआ है और उसे किसी भी तरह के कपड़े या तिरपाल से ढका नहीं गया है।खुले कचरे से भरा यह डंपर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के सामने खड़ा नजर आ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है गणेश टीला मथुरा का एक प्राचीन और धार्मिक स्थल है।यहां भगवान गणेश का मंदिर स्थित है, जिसका उल्लेख धार्मिक ग्रंथों और शास्त्रों में भी मिलता है।मथुरा एक प्रमुख तीर्थस्थली होने के कारण यहां देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन, पूजा और आरती के लिए पहुंचते हैं।सुबह के समय गणेश टीला क्षेत्र में कचौड़ी-जलेबी का नाश्ता करने की पुरानी परंपरा भी है।यहां जगह-जगह ठेल और दुकानें लगी रहती हैं, जहां श्रद्धालु और स्थानीय लोग नाश्ता करते हैं।ऐसे पवित्र और भीड़भाड़ वाले इलाके में खुले कचरे से भरा डंपर खड़ा होना लोगों को असहज कर रहा है।वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि डंपर बिना ढके ही खड़ा है।जब इस संबंध में डंपर चालक सोनवीर से सवाल किया गया, तो उसने बताया कि गाड़ी अभी पूरी भरी नहीं है और कचरे को ढककर ही ले जाया जाता है।हालांकि वायरल वीडियो में कहीं भी कचरा ढका हुआ नजर नहीं आ रहा है, जिससे चालक के बयान पर सवाल खड़े हो रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नगर निगम की घोर लापरवाही है।उनका आरोप है कि धार्मिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, लेकिन यहां खुलेआम नियमों की अनदेखी की जा रही है।बाहर से आए श्रद्धालुओं ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की गंदगी देखकर मन खराब होता है और तीर्थस्थल की छवि भी धूमिल होती है।लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि धार्मिक स्थलों के आसपास कचरा ढोने के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर उचित कार्रवाई की जाए।