एनसीएल ने डीएवी कॉलेज ट्रस्ट के साथ किया एमओयू का विस्तार, सिंगरौली में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा
सिंगरौली। सिंगरौली परिक्षेत्र में गुणवत्तायुक्त और किफायती शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने डीएवी कॉलेज ट्रस्ट एंड मैनेजमेंट सोसाइटी, नई दिल्ली के साथ अपने मौजूदा एमओयू का विस्तार किया है। यह एमओयू अगले 15 वर्षों तक सिंगरौली क्षेत्र के विद्यार्थियों को अबाध एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराने के लिए लागू रहेगा।एनसीएल वर्तमान में सिंगरौली के 8 डीएवी स्कूल, 2 केंद्रीय विद्यालय और 1 डीपीएस विद्यालय को वित्तीय सहायता प्रदान कर उनका संचालन सुनिश्चित कर रही है। इन विद्यालयों में 13,000 से अधिक विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें अधिकांश परिधीय समुदाय से संबंधित हैं। एमओयू के विस्तार के तहत एनसीएल द्वारा आगामी 15 वर्षों तक इन विद्यालयों को वित्तीय सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे शिक्षण सुविधाओं, स्मार्ट कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों और खेलकूद गतिविधियों में सुधार होगा और विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन), श्री मनीष कुमार ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वसुलभ बनाने की दिशा में एनसीएल लगातार सार्थक पहल कर रही है। डीएवी के साथ एमओयू का यह विस्तार इस प्रतिबद्धता का प्रमाण है और यह शैक्षणिक पहल न केवल विद्यार्थियों की उत्कृष्टता को बढ़ाएगी, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास को भी नई उड़ान देगी।एमओयू पर एनसीएल की ओर से महाप्रबंधक (मानव संसाधन), श्री राजेश त्रिवेदी और डीएवी कॉलेज ट्रस्ट एंड मैनेजमेंट सोसाइटी की ओर से महासचिव श्री अजय सूरी ने हस्ताक्षर किए।

बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना, 850 तीर्थ यात्रियों को मिलेगा काशी-विश्वनाथ दर्शन का अवसर
उत्कृष्ट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से रोशन हो रहा प्रदेश का भविष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
धमतरी में ‘STREE’ परियोजना का शुभारंभ: 300 ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का नया रास्ता
केरल के मुख्य सचिव डॉ. ए. जयतिलक का छत्तीसगढ़ दौरा