सीहोर। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जिला प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कलेक्ट्रेट कार्यालय सीहोर में प्रेस वार्ता आयोजित कर सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि बीते दो वर्षों में प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के विज़न को धरातल पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकास, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं।मंत्री कृष्णा गौर ने बताया कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में रोजगार सृजन के उद्देश्य से लगभग 32 लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। वहीं मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना के अंतर्गत 6,430 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता जरूरतमंद लोगों को प्रदान की गई है।उन्होंने कहा कि किसानों के हित में सोयाबीन भावांतर योजना शुरू की गई, जिससे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिला और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ। इसके अलावा प्रदेश में कई नई जनकल्याणकारी योजनाएं और कार्यक्रम शुरू किए गए, जिनका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचाया गया है।प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश में विकास की रफ्तार और तेज होगी तथा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।