नगर परिषद ओंकारेश्वर ने गुरुवार को शहर के प्रमुख क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ एवं स्वच्छता अभियान चलाया। सीएमओ मोनिका पारधी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में घाटों, बस स्टैंडों और बाजार क्षेत्र में फैले अतिक्रमण को हटाया गया तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों से लगभग ₹6000 का आर्थिक दंड वसूला गया।कार्रवाई के दौरान नगर परिषद की टीम ने पुराने और नए बस स्टैंड, गोमुख घाट तथा हाट बाजार बलवाड़ी क्षेत्र में अस्थाई रूप से लगाई गई दुकानों, गुमटियों और अतिक्रमण के रूप में खड़े किए गए वाहनों को हटाया। कई स्थानों पर जर्जर अवस्था में लंबे समय से खड़े स्कूटी, ऑटो आदि वाहनों को भी जब्त किया गया। गोमुख घाट क्षेत्र में सिंगल-यूज़ पॉलिथीन का उपयोग करते पाए गए कारोबारियों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।दुकानों को व्यवस्थित करने के लिए नगर परिषद द्वारा पूरे क्षेत्र में येलो कलर से ब्लॉक मार्किंग भी की गई है। दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल निर्धारित ब्लॉक के भीतर ही दुकान लगाएँ। निर्धारित सीमा से बाहर दुकान लगाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी और इसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित दुकानदार की होगी।नगर परिषद की राजस्व शाखा ने सभी अतिक्रमणकारी दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं, जिनमें उन्हें तीन दिनों के भीतर सड़क और नाली पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए हैं। तय समयावधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर निकाय की टीम द्वारा इसे बलपूर्वक हटाया जाएगा।निकाय प्रबंधन ने क्षेत्र में स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए स्थानीय निवासियों और दुकानदारों से अपील की है कि वे गीले एवं सूखे कचरे को अलग–अलग कर ही नगर परिषद की कचरा गाड़ी को सौंपें और शहर में साफ–सफाई बनाए रखने में सहयोग दें।