भोपाल। भारतीय विश्वविद्यालय संघ के तत्वावधान में एलएनसीटी विश्वविद्यालय, भोपाल द्वारा आयोजित वेस्ट ज़ोन इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता 2025-26 का बुधवार को एलएनसीटी यूनिवर्सिटी, कोलार रोड, भोपाल के ग्राउंड पर भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता 10 से 14 दिसंबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें वेस्ट ज़ोन की 140 से अधिक विश्वविद्यालयों के लगभग 1800 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।उद्घाटन समारोह का शुभारंभ जेएनसीटी प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. अनुपम चौकसे द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रो. डॉ. एन.के. थापक (वाइस चांसलर, एलएनसीटी यूनिवर्सिटी), पंकज कुमार, आर.के. शर्मा (खेल अधिकारी, टीआईटी) और पी.एस. दारा सिंह उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं। समारोह के दौरान खिलाड़ियों की ऊर्जा, प्रतिस्पर्धी भावना और उत्साह से पूरा वातावरण रोमांचक हो गया।एलएनसीटी विश्वविद्यालय प्रबंधन ने सभी टीमों, कोचों, अधिकारियों और आगंतुकों के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएँ की हैं, ताकि प्रतियोगिता का संचालन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।प्रतियोगिता के पहले दिन हुए मुकाबलों में शिवाजी यूनिवर्सिटी कोल्हापुर ने क्रांति सूर्या तात्या भील यूनिवर्सिटी खरगोन को 3-0 से हराया। गुजरात टेक्निकल यूनिवर्सिटी निगम नगर ने यूनिवर्सिटी ऑफ भीलवाड़ा को 3-0 से मात दी। यूनिवर्सिटी ऑफ कोटा ने पहर यूनिवर्सिटी को 3-0 से हराया। एपीएस यूनिवर्सिटी रीवा ने सेम ग्लोबल यूनिवर्सिटी भोपाल को 3-0 से शिकस्त दी। वहीं महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ने ओरिएंटल यूनिवर्सिटी इंदौर को 2-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता का लाइव प्रसारण फ्रीडम ग्लोबल स्पोर्ट्स नेटवर्क द्वारा किया जा रहा है, जिसके माध्यम से दर्शक सभी मुकाबलों का सीधा आनंद ले सकते हैं।