खरगोन के कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को वर्ष 1975 बैच की छह छात्राएं एक बार फिर अपने पुराने स्कूल पहुंचीं और गोल्डन जुबली मनाकर स्कूल के दिनों को ताज़ा किया। देश के विभिन्न राज्यों में बस जाने के बावजूद ये सभी पूर्व छात्राएं लंबे समय बाद एक साथ स्कूल पहुंचीं, जहां उनका स्वागत गर्मजोशी के साथ किया गया।

स्कूल पहुंचने पर सभी छात्राओं ने परिसर में पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद आयोजित मिलन समारोह में छात्राओं ने वर्तमान छात्राओं और शिक्षकों के साथ अपने पुराने दिनों की यादें साझा कीं। उन्होंने पूरे उत्साह से बताया कि वे किस कक्षा में बैठती थीं, कहां प्रयोगात्मक कक्षाएं करती थीं, मैदान में किस जगह खेला करती थीं और किन स्थानों पर घंटों तक बैठकर बातें किया करती थीं।

पूर्व छात्राओं ने कहा कि भले ही वे आज अलग-अलग राज्यों में रहती हों, लेकिन स्कूल के समय की दोस्ती आज भी पहले जैसी ही है और यही संबंध उन्हें फिर से एक साथ लेकर आया है। समारोह के दौरान उन्होंने स्कूल स्टाफ और वर्तमान छात्राओं को उपहार भी वितरित किए और स्कूल की प्रगति के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान कल्पना चंद्रा ने कहा कि 50 साल बाद स्कूल लौटकर ऐसा लगा जैसे बचपन फिर से लौट आया हो और यह पल हमेशा यादगार रहेगा। वहीं श्रोता जैन ने भावुक होते हुए बताया कि स्कूल की हर जगह को देखकर वही पुराने दिन फिर से आंखों के सामने घूम गए और उन्हें गर्व है कि वे इस संस्थान का हिस्सा रही हैं।