खरगोन में यातायात सप्ताह के तहत गुरुवार को बस स्टैंड परिसर में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन यातायात पुलिस खरगोन द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बस चालक एवं परिचालकों ने हिस्सा लिया।शिविर में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. संस्कृति द्वारा करीब 100 से अधिक चालकों और परिचालकों का नेत्र परीक्षण किया गया। डॉक्टर ने चालकों की विज़न रेंज की जांच की, आंखों की समस्याओं की पहचान की और आवश्यक सलाह दी। कई चालकों को आगे के उपचार के लिए सुझाव भी दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिट्टू सिंह सेहगल ने चालक–परिचालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि—
“शराब पीकर वाहन चलाना और तेज रफ्तार हादसों की बड़ी वजह बनते हैं। इसलिए चालक स्वयं की और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।”यातायात थाना प्रभारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य चालकों की दृष्टि संबंधी समस्याओं को समय रहते पहचानकर दुर्घटनाओं को रोकना है। उन्होंने कहा कि कमजोर दृष्टि कई बार बड़े सड़क हादसों का कारण बनती है, ऐसे शिविर चालकों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।