सागर, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के सागर जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें मुरैना बम निरोधक और डॉग स्क्वॉड के चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी हालत नाजुक होने पर प्रशासन ने उसे ढाना हवाई पट्टी से एयर एंबुलेंस के माध्यम से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल रेफर किया।जानकारी के अनुसार, सभी जवान बालाघाट में चल रहे नक्सल-विरोधी अभियान से लौटकर अपने गृह जिले मुरैना जा रहे थे। इसी दौरान सागर–झांसी हाईवे पर बांदरी और मालथौन के बीच उनकी पुलिस गाड़ी की आमने-सामने टक्कर एक तेज रफ्तार कंटेनर से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार जवानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।गंभीर रूप से घायल आरक्षक राजीव चौहान (42 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेजा गया। घटना स्थल पर चारों मृतक जवानों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की सूचना से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है।संदीप जी.आर., कलेक्टर सागर ने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ हर संभव मदद करेगा और हादसे की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।यह घटना राज्य के पुलिस बल के लिए एक गंभीर नुकसान है और सभी विभागीय अधिकारियों और जवानों में शोक फैल गया है।