कसरावद, जिला खरगोन। कृषि क्षेत्र में सक्रिय कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ बलकवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम नीमरानी स्थित महाकाल ट्रेडर्स पर अवैध रूप से यूरिया खाद के भंडारण, परिवहन और कालाबाजारी की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा।वरिष्ठ कृषि अधिकारी द्वारा कसरावद के खलटाका पुलिस चौकी पर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि महाकाल ट्रेडर्स यूरिया खाद का अवैध व्यापार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एसडीओपी श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी रीतेश यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की।जांच में दुकान से 43 बोरी यूरिया, बड़ी मात्रा में खाली बोरियां, और यूरिया का थोक ढेर बरामद किया गया जिसकी कुल कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा अवैध परिवहन में प्रयुक्त आयशर वाहन, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपए, को भी पुलिस ने जप्त कर लिया।

पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

  • महेन्द्र पिता हजाभाई, निवासी कंडोल, कच्छ (गुजरात)

  • सत्यजीत पिता देवेन्द्र गोहिल, निवासी चन्दरोड़, भावनगर (गुजरात)

दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार इससे पहले भी यूरिया सप्लाई से जुड़े रजत पिता राधेश्याम अजमेरा, निवासी मानपुर, पर कार्रवाई की जा चुकी है।पुलिस का कहना है कि कृषि सीजन में किसानों को राहत देने और कालाबाजारी रोकने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।