राया क्षेत्र के कोयल रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। मथुरा बाज़ार से सामान बेचकर घर लौट रहे समसुद्दीन पुत्र नसरुद्दीन, निवासी विसावली थाना इगलाश, अपनी बाइक से घर जा रहे थे। जैसे ही वह रेलवे फाटक के करीब पहुँचे, तभी हाथरस की तरफ से आ रहे एक तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि समसुद्दीन सड़क पर दूर जाकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और कुछ ही मिनटों में बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना पाकर थाना राया पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और घायल समसुद्दीन को एंबुलेंस से अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने उनकी हालत अत्यंत नाजुक बताई है और उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हालांकि अभी तक टक्कर मारने वाले वाहन या चालक की कोई पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों से पूछताछ भी जारी है।ग्रामीणों का कहना है कि कोयल रेलवे क्रॉसिंग के पास तेज़ रफ्तार वाहनों का आतंक है और आए दिन दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और यातायात नियंत्रण की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं होने के कारण हादसों का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। जैसे ही वाहन की पहचान होगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच परिवारजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल में जमा हैं और समसुद्दीन की हालत को लेकर चिंतित हैं।