पूर्व मंत्री श्याम सुंदर शर्मा से विशेष मुलाकात, जिले की राजनीति में बड़े बदलावों के संकेत
मथुरा। पिछले कुछ दिनों से स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक न होने के कारण मैं किसी भी सामाजिक कार्यक्रम—चाहे वह शादी हो, उत्सव हो या उठवनी—में शामिल नहीं हो पा रहा था। इसी बीच आज प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और जिले की राजनीति के महत्वपूर्ण चेहरे श्याम सुंदर शर्मा मेरे निवास पर पहुंचे। स्वास्थ्य कारणों से बाहर न जा पाने के बावजूद उनका आना मेरे लिए बेहद खास रहा। काफी देर तक हम दोनों के बीच जिले की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, आगामी चुनावी माहौल और संभावित बदलावों पर विस्तृत चर्चा हुई।चर्चा के दौरान यह साफ महसूस हुआ कि आने वाले चुनावों में जिले की राजनीति में कई नए समीकरण बन सकते हैं। श्री शर्मा ने संकेत दिए कि वह जल्द ही कोई बड़ा राजनीतिक निर्णय ले सकते हैं, जो जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकता है। वर्षों से उन्हें लोग “जिले का चाणक्य” कहकर पुकारते हैं, और उनकी गहरी राजनीतिक समझ तथा रणनीतिक क्षमता इस उपाधि को पूरी तरह सार्थक बनाती है। बातचीत के दौरान भी यह स्पष्ट दिखा कि उनमें आज भी वही तेज, वही रणनीति और वही राजनीतिक पकड़ मौजूद है, जो किसी भी स्थिति को प्रभावित करने की क्षमता रखती है।
फिलहाल श्याम सुंदर शर्मा किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े नहीं हैं। लंबे समय से वह किसी पार्टी या संगठन के सक्रिय सदस्य नहीं हैं, लेकिन जिले में उनकी पकड़ आज भी मजबूत है। यही कारण है कि कई बड़े राजनीतिक दल लगातार उनसे संपर्क में हैं। हर पार्टी चाहती है कि आगामी चुनावों में उनकी उपस्थिति उनके पक्ष में माहौल तैयार कर सके। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कई शीर्ष नेता उनकी सहमति पाने की कोशिशों में लगे हुए हैं।अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में श्री शर्मा किस दल का दामन थामते हैं और उनके फैसले से जिले की राजनीति किस दिशा में जाती है। जिले की राजनीति आज भी उनकी चाल पर प्रतिक्रिया देती है, और इस बार भी लोगों में उत्सुकता है कि उनका अगला कदम क्या होगा।

संसद में तीखी नोकझोंक: DMK सांसद के बयान पर स्पीकर का करारा जवाब
अनिल अंबानी को झटका: सुप्रीम कोर्ट ने याचिका ठुकराई, हाई कोर्ट का फैसला कायम
10 करोड़+ सैलरी वाले 13 खिलाड़ी फेल! IPL 2026 में पैसा लगा, पर प्रदर्शन नहीं मिला