उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में रीवा जिले में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों के समन्वय से छोटी बसाहटों में भी पेयजल आपूर्ति से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुँचाने के लक्ष्य को साकार करने में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के बीच समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन करने पर जोर दिया।इस अवसर पर श्री शुक्ल ने हिनौती गौधाम के विकास कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने शेड निर्माण के प्रस्ताव को क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप पुनरीक्षित करने और गौवंश विहार को प्राकृतिक खेती (Natural Farming) के मॉडल पर उन्नत करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए हर संभव सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।बैठक में अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्रीमती दीपाली रस्तोगी, प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री पी. नरहरि, एमडी मध्यप्रदेश जल निगम श्री वी.एस. चौधरी, संचालक पंचायत श्री छोटे सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।