कसरावद, खरगोन। करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. जीवन सिंह शेरपुर के नेतृत्व में कसरावद में विश्वास जीनिंग से खरगोन तक भव्य हुंकार रैली का आयोजन किया गया। रैली में राजपूत समाज के युवाओं के साथ-साथ सर्व समाज के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर के विभिन्न स्थानों पर रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जिससे कार्यक्रम में विशेष ऊर्जा और एकता का संदेश प्रकट हुआ।रैली का मुख्य उद्देश्य आगामी 21 दिसंबर 2025 को हरदा में होने वाले जन क्रांति न्याय आंदोलन के लिए जनसमर्थन जुटाना था। इस आंदोलन में किसानों की समस्याओं को केंद्र में रखते हुए 21 सूत्रीय मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में करणी सेना के जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह, प्रदेश मंत्री कुंदन सिंह, जिला पदाधिकारी लोकेंद्र सिंह, तहसील अध्यक्ष विकास सिंह और वरिष्ठ समाजजन कैलाश दरबार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इस रैली ने सामाजिक एकता, किसान हित और न्याय के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश दिया।