छोटी सी पंचायत की महिला सरपंच ने गांव का नाम रोशन किया
चापड़ा। जनपद पंचायत बागली की ग्राम पंचायत छतरपुरा इन दिनों पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव की महिला सरपंच श्रीमती निर्मला जवाहर पाटीदार अपनी सक्रियता, मेहनत और विकास कार्यों की बदौलत लगातार सम्मान प्राप्त कर रही हैं और गांव को गौरवान्वित कर रही हैं।किसान परिवार की बहू होने के बावजूद श्रीमती पाटीदार ने सरपंच बनने के बाद गांव की गलियों से लेकर ब्लॉक, जिला और अब दिल्ली तक अपनीपहचान बनाई है। उनके नेतृत्व में गांव में कई विकास कार्य हुए हैं और जनता तक योजनाओं का लाभ भी पहुंच रहा है। उनकी कार्यशैली और सरल व्यवहार के कारण कई संस्थाएं उन्हें सम्मानित कर चुकी हैं।हाल ही में उन्हें दिल्ली में आयोजित ‘शेलीड्स’ नेतृत्व विकास कार्यशाला में सम्मानित किया गया। यह आयोजन संयुक्त राष्ट्र संस्था यूएन विमेन इंडिया द्वारा महिलाओं की सार्वजनिक और राजनीतिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था। पूरे देश से केवल 30 महिला जनप्रतिनिधियों को इस कार्यशाला में शामिल किया गया, जिनमें ग्राम पंचायत छतरपुरा की सरपंच श्रीमती पाटीदार भी शामिल रहीं। कार्यक्रम में उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस मौके पर यूएन विमेन इंडिया की प्रतिनिधि कांता सिंह, विभिन्न राज्यों की महिला जनप्रतिनिधि और सांसद भी उपस्थित रहे।
श्रीमती पाटीदार को दिल्ली में मिला यह सम्मान छतरपुरा गांव के लिए गर्व का विषय बन गया है। सम्मान की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

CM मीटिंग से पहले टला बड़ा हादसा: पटना आते समय BJP विधायक की कार पलटी, एयरबैग ने बचाई जान