भीलवाड़ा के नया बापूनगर क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने देर रात खौफनाक रूप ले लिया। अलाव ताप रहे लोगों के बीच गाली-गलौज कर रहे सौरभ झा को जब पड़ोसी महेशदास ने टोका, तो वह आगबबूला हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि सौरभ घर के अंदर गया और सब्जी काटने वाला चाकू लेकर वापस आया।वापस आते ही उसने महेशदास पर सीने, पेट और हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले से गंभीर रूप से घायल महेश जमीन पर गिर पड़े। उनकी चीख-पुकार सुनकर उनके पिता गोवर्धनदास मौके पर पहुंचे, लेकिन सौरभ ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान पिता–पुत्र दोनों बुरी तरह घायल हो गए।हमले के दौरान धक्का-मुक्की में आरोपी सौरभ भी हल्का घायल हो गया। घटना के बाद आस-पड़ोस के लोग दौड़े और तीनों को तुरंत एमजीएच अस्पताल पहुंचाया गया। महेशदास की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें भीलवाड़ा महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय से उदयपुर रेफर किया गया है।फिलहाल मामला प्रताप नगर थाना पुलिस के पास है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए हैं और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।