मथुरा: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत नगर आयुक्त श्री जग प्रवेश ने शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। आगामी 6 और 7 दिसंबर को होने वाले मेगा कैंप और खुली बैठकों को देखते हुए यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।निरीक्षण की शुरुआत पी.एम.वी. पॉलिटेक्निक महाविद्यालय से हुई, जहां नगर आयुक्त ने नए मतदाता पंजीकरण, नाम संशोधन और स्थानांतरण फॉर्मों की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान वार्ड 45 के पार्षद श्री मुनेश दीक्षित, अपर नगर आयुक्त श्री सौरभ सिंह और नगर निगम की टीम मौजूद रहे।इसके बाद निरीक्षण दल वार्ड 36 स्थित मतदान केंद्र पहुँचा। यहां आयुक्त ने स्वीकार किए गए और निरस्त फॉर्मों, शिफ्टेड मतदाताओं की प्रगति पर ध्यान दिया और मतदाता सूची अद्यतन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। पार्षद श्री राकेश भाटिया और अधिकारीगण उपस्थित थे।अंत में नगर आयुक्त वार्ड 55 स्थित जैन चौरासी इंटर कॉलेज पहुँचे, जहां लंबित आवेदनों, कार्य प्रगति और फील्ड कार्य की समीक्षा की गई। क्षेत्रीय पार्षद श्री विवेक पाराशर, सहायक नगर आयुक्त श्री राकेश कुमार त्यागी सहित नगर निगम की टीम मौजूद थी।निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी फॉर्म समय पर और पारदर्शी तरीके से निस्तारित किए जाएँ। उन्होंने मतदाताओं की सुविधा, मतदान केंद्रों पर साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, सूचना बोर्ड और सहायता डेस्क की भी जांच की। साथ ही बीएलओ को मतदाता जागरूकता बढ़ाने और SIR अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विशेष निर्देश दिए।