मथुरा। राया ब्लॉक क्षेत्र की तीन गौशालाओं—पिरसुआ, बिरहना और मनीनाबालू—में अव्यवस्थाओं की शिकायतों के बीच प्रदेश के राज्य मंत्री रमाकांत उपाध्याय ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौवंश के रखरखाव में कई कमियाँ सामने आईं, जिस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

सबसे पहले मंत्री पिरसुआ गांव स्थित गौशाला पहुँचे, जहाँ सुविधाओं की कमी और अव्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने प्रधान सचिव को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि गौवंश सेवा के नाम पर दिखावा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी आवश्यक सुविधाएँ—चारा, पानी, स्वच्छता और सुरक्षा—समय पर उपलब्ध कराना अनिवार्य है।

इसके बाद मंत्री बिरहना और मनीनाबालू ग्राम पंचायतों की गौशालाओं का निरीक्षण करने पहुँचे। यहाँ भी कई कमियाँ सामने आने पर उन्होंने संबंधित प्रधानों को व्यवस्थाएँ सुधारने, पशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के तुरंत बाद राज्य मंत्री ने सीडीओ मथुरा और राया बीडीओ को फोन कर पूरी स्थिति से अवगत कराया और गौशालाओं की स्थिति में जल्द सुधार लाने को कहा।

मंत्री रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि
“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की सरकार में गौवंश की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार ने जगह-जगह गौशालाओं की स्थापना कर जिम्मेदारियाँ तय की हैं। लेकिन जहाँ भी लापरवाही मिलेगी, कार्रवाई तय है।”