मथुरा के थाना राया क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास निवास करने वाले चुनौती समुदाय की महिलाओं ने एक वाहन चालक पर लड़कियों से छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, उनकी लड़कियां रोज़ की तरह पानी लाने गई थीं। लौटते समय पीछे से आ रहे एक वाहन ने हॉर्न बजाया। लड़कियों के साइड होने पर चालक ने कथित रूप से शीशा खोलकर हाथ मारने की कोशिश की। घबराई हुई लड़कियाँ तुरंत घर पहुँचीं और परिजनों को पूरी घटना बताई।महिलाओं ने बताया कि संबंधित वाहन पर सरकारी नंबर प्लेट लगी हुई थी, लेकिन वाहन में बैठे लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। घटना के बाद समुदाय में तनाव की स्थिति बनी हुई है।इधर, सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी वाहन चालक अपनी सफाई देता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो में चालक दावा करता है कि लड़कियों पर लगाए गए आरोप गलत हैं। उसके मुताबिक, लड़कियों ने सड़क पर करसी रखकर रास्ता रोक रखा था। जब उसने हटाने को कहा, तो बहस हो गई और बाद में उस पर झूठा आरोप लगा दिया गया।करीब 50 वर्षों से राया ब्लॉक के पास रह रहा यह समुदाय अब न्याय की मांग कर रहा है। उनका कहना है कि जब तक सत्य सामने नहीं आता, लड़कियाँ घर से निकलने में भी डर महसूस कर रही हैं।हालांकि, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की सच्चाई क्या है—इसकी अभी तक प्रशासनिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की ओर से भी अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।