अहमदपुर वन परिक्षेत्र में तेंदुए की मूवमेंट से नाराज़ ग्रामीण, अधिकारियों की गैरहाजिरी पर जमकर नारेबाज़ी
अहमदपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दर्जनों गांवों के ग्रामीणों और किसानों में पिछले सात दिनों से दहशत का माहौल है। क्षेत्र में लगातार तेंदुए की मूवमेंट देखे जाने से ग्रामीण परेशान हैं। कई बार सूचना देने के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई तो शनिवार को ग्रामीण अहमदपुर वन विभाग कार्यालय पहुंचे, ताकि वन विभाग को ज्ञापन सौंपकर ठोस कदम उठाने की मांग कर सकें।लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा तब फूट पड़ा, जब कार्यालय में कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं मिला। अधिकारियों की गैरहाजिरी से नाराज़ ग्रामीणों ने कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाज़ी की और “वन विभाग मुर्दाबाद” के नारे लगाए।ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से लगातार तेंदुए की मूवमेंट की जानकारी वन विभाग को दी जा रही है, लेकिन अब तक ना तो टीम मौके पर पहुंची और ना ही किसी तरह की कार्रवाई की गई। ग्रामीणों ने कहा कि अगर तेंदुए को जल्द पकड़कर रेस्क्यू नहीं किया गया, तो किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी।अधिकारी न मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपना ज्ञापन अहमदपुर के नवागत थाना प्रभारी को सौंपा और तुरंत कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि वन विभाग की उदासीनता से उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ गई है और अधिकारियों की अनुपस्थिति इस गंभीर मुद्दे को और बढ़ा रही है।
