आगर मालवा में पुलिस विभाग के बहुत ही व्यवहार कुशल और ड्यूटी के प्रति सजग उपनिरीक्षक जुगल किशोर सोनी के आकस्मिक निधन की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया। शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे उनकी तबियत खराब होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों के अनुसार हृदयगति रुकने से उनकी मृत्यु हो गई। स्वर्गीय सोनी का जन्म 12 अक्टूबर 1968 को राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में हुआ था और उनके पिता व भाई भी पुलिस सेवा में थे। उन्होंने 28 अप्रैल 1989 को शाजापुर जिले से पुलिस सेवा में भर्ती लेकर वर्ष 2013-14 में आगर मालवा में स्थानांतरण के बाद बडौद, सोयत, नलखेड़ा, कोतवाली, यातायात और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपनी सेवाएं दीं। वे पर्यावरण और पशुओं के प्रति विशेष रूप से समर्पित थे। शनिवार को उनकी अंतिम यात्रा पुलिस लाइन से आरंभ हुई, जिसमें पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और नगरवासी शामिल हुए और उन्हें ससम्मान विदाई दी।