मथुरा/डीग। डीग कोतवाली क्षेत्र के गांव इकलेरा में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गई गोवर्धन पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में पुलिस उप निरीक्षक नितिन त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए। हमलावरों ने पुलिस की सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।जानकारी के अनुसार गोवर्धन पुलिस गांव इकलेरा निवासी अमित (30) पुत्र सुनहरी को पकड़ने गई थी। पुलिस ने जैसे ही आरोपी को हिरासत में लिया, तभी उसके परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से मारपीट की और पथराव शुरू कर दिया।हमले में एसआई नितिन त्यागी के चेहरे और आंख के पास गहरी चोटें आईं। उन्हें तत्काल डीग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के दौरान पुलिस टीम को पीछे हटना पड़ा, लेकिन उन्होंने आरोपी अमित को काबू में कर गिरफ्तार कर लिया।सूचना मिलते ही डीग कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखते ही हमलावर ग्रामीण मौके से फरार हो गए।पुलिस ने हमले में शामिल अज्ञात और नामजद हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।