दुकान बंद कर लौट रहे युवक की हत्या, शव कुएं में फेंका
बरसाना। थाना क्षेत्र के डाहरोली गांव में बीती रात एक युवक की हत्या कर उसका शव खेतों में बने कुएं में फेंक देने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। परिजनों द्वारा समय से घर न पहुंचने पर की गई तलाश में रास्ते में बाइक और खून मिलने से हत्या की आशंका गहरी हुई। ग्रामीणों और पुलिस द्वारा की गई खोजबीन में युवक का शव कुएं से बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, डाहरोली निवासी महादेव पुत्र खच्चर (37) की बरसाना–गोवर्धन रोड पर परचून की दुकान है। मंगलवार रात वह रोज की तरह लगभग नौ बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उसे रोककर किसी भारी वस्तु से उसके सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सिर में आए गंभीर प्रहार के कारण महादेव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से मृतक के शव को पास ही स्थित खेत के कुएं में फेंक दिया और फरार हो गए।उधर, महादेव के देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजन उसे खोजने निकले। थोड़ी दूर जाने पर उन्हें सड़क किनारे उसकी बाइक पड़ी मिली। पास ही खून के धब्बे दिखे, जिसके बाद परिजनों ने आसपास की और तलाश की। खून के निशान आगे खेतों की ओर जाते दिखाई दिए। टॉर्च की रोशनी में कुएं में झांकने पर शव तैरता हुआ नजर आया। इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। पुलिस एवं ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया।थाना प्रभारी चेतराम शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर किए जाने की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। जल्द ही हत्यारों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

यहां हर साल साक्षात् मनुष्य रूप में दर्शन देते हैं महादेव, रौद्र और शांत ऊर्जा दोनों की होती है पूजा
हर अपराधी के भीतर छिपा होता है इंसान: श्री श्री रविशंकर ने बताया करुणा से बदलता है नजरिया
सामुद्रिक शास्त्र: नाखूनों का रंग बताता है आपकी तरक्की का संकेत, जानें लाल, गुलाबी, पीले या सफेद का अर्थ
बुध ग्रह की नीच राशि में शनि के साथ युति, मकर समेत 6 राशियों को खर्च, करियर और परिवार में सावधानी की सलाह
राशिफल 11 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा