मथुरा। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान को सुचारु और प्रभावी ढंग से पूरा कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आगामी 6 और 7 दिसंबर 2025 को जिले के सभी बूथों पर मेगा कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में नए मतदाता जोड़ने, गलतियाँ सुधारने, पता संशोधन, मृत मतदाताओं के नाम हटाने सहित मतदाता सूची से संबंधित सभी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा कर दें, जिससे मतदाता सूची को समय पर सटीक और अद्यतन किया जा सके।इस अभियान को सफल बनाने के लिए मंगलवार को डैंपियर नगर स्थित पांचजन्य प्रेक्षागृह में एकदिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें तहसील सदर के सभी बीएलओ और सुपरवाइजर्स ने भाग लिया। अधिकारियों ने उन्हें फॉर्म भरने की प्रक्रिया, दस्तावेज़ सत्यापन, घर-घर सर्वेक्षण, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सहायता जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने उपस्थित कर्मचारियों को कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से काम करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील सदर क्षेत्र के 50 बीएलओ को सम्मानित किया, जिन्होंने विशेष पुनरीक्षण अभियान में अपने क्षेत्र का कार्य शत-प्रतिशत और समय से पहले पूरा किया था। सभी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।अधिकारियों ने बताया कि मेगा कैंप के दौरान व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग अपने नाम सही और पूर्ण रूप से अपडेट करा सकें। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार जिले की मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और अद्यतन बनाया जाए।