चाचौड़ा।
सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के तत्वावधान में स्व. श्री शैलेन्द्र सिंह सिसौदिया की पुण्य स्मृति में विशाल निःशुल्क नेत्र जाँच, दंत रोग एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन 30 जनवरी 2026 को पत्रकार भवन, रजिस्ट्रार कार्यालय के पास किया गया। शिविर का शुभारंभ स्व. श्री शैलेन्द्र सिंह सिसौदिया के पिताजी डॉ. नेम सिंह सिसौदिया ने दीप प्रज्वलित कर एवं गुरुजी का माला पहनाकर किया।शिविर प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कुल 200 मरीजों का पंजीयन किया गया, जिनमें से 40 मोतियाबिंद पीड़ित मरीजों को ऑपरेशन हेतु भर्ती किया गया। इन मरीजों को विशेष वाहन द्वारा आनंदपुर स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका पूर्णतः निःशुल्क उपचार किया जाएगा।शिविर में करीब 100 मरीजों को निःशुल्क दवाइयाँ और 60 मरीजों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए। मरीजों की जाँच कर उन्हें फेको सर्जरी, फोल्डेबल लेंस, मोतियाबिंद ऑपरेशन सहित अन्य नेत्र रोगों से संबंधित विशेषज्ञ परामर्श दिया गया।दंत रोग विभाग ने भी लोगों को दाँतों की देखभाल संबंधी जानकारी दी। डॉ. हिमांशु शर्मा ने दांतों की सफाई, नमक के पानी से कुल्ला, मीठे पदार्थों से परहेज और नियमित दंत परीक्षण की सलाह देते हुए आवश्यकतानुसार दंत पेस्ट और टैबलेट निःशुल्क वितरित किए।आयुर्वेदिक चिकित्सा विभाग ने रोगियों को संतुलित आहार, समय पर भोजन, पर्याप्त नींद, योग-प्राणायाम, त्रिफला सेवन एवं मौसमानुसार दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। डॉ. प्रदीप शाक्यवार ने औषधीय तेल मालिश और आवश्यक टैबलेट वितरित किए।शिविर में सद्गुरु अस्पताल की टीम—डॉ. अभिषेक, बीनागंज नेत्र सहायक डॉ. सोनू शर्मा, डाल सिंह पारस, रोहले, रणवीर बघेल, बनवारी धाकड़—सक्रिय रूप से शामिल रहे। रणछोड़ दास जी आश्रम के व्यवस्थापक एवं अध्यक्ष विजय सिंह रघुवंशी भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में सभी आगंतुक चिकित्सकों एवं सहयोगी टीम का मित्र मंडल और पत्रकारों द्वारा माला पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया। एसडीएम महोदय ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वयं मरीजों को भोजन पैकेट वितरित किए।आयोजकों ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को पूरी तरह निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसे सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।