
आगर मालवा। जिले में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन और पुलिस मुख्यालय के मार्गदर्शन में 8 से 22 सितंबर 2025 तक विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात सुरक्षा के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई करना है।
14 सितंबर 2025 को यातायात पुलिस और थाना प्रभारियों द्वारा जिलेभर में 51 चालान किए गए, जिससे ₹17,200 समन शुल्क वसूला गया।
अब तक 7 दिनों (08 से 14 सितंबर) में कुल 611 चालान किए जा चुके हैं और ₹2,43,500 का समन शुल्क प्राप्त किया गया है। इन कार्यवाहियों में मुख्य रूप से बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाना, ओवरलोडिंग और अन्य यातायात नियम उल्लंघन शामिल रहे।
अभियान के दौरान नागरिकों को नकदी रहित उपचार योजना के बारे में जानकारी दी गई। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ित को नजदीकी नामित अस्पताल में तत्काल नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, जिसका पूरा खर्च सरकार वहन करेगी।
इसके साथ ही राह-वीर योजना (पूर्व में Good Samaritan स्कीम) के बारे में भी जागरूक किया गया। इस योजना के तहत घायल को गोल्डन आवर में अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को ₹25,000 नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा, साथ ही उसे किसी भी कानूनी पूछताछ से मुक्त रखा जाएगा।
आगर मालवा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।